लखनऊ की पुलिस लाइन में बुधवार रात ब्लैक आउट किया गया। यहां हमले से रेस्क्यू की मॉक ड्रिल की गई। इसमें शहर के 5 हजार लोग पहुंचे थे, जिन्हें युद्ध के दौरान कैसे सावधान रहा जाए यह बताया-सिखाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पुलिस लाइन में आधे घंटे मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल से पहले पुलिस लाइन को मोहल्ले के रूप में बदला गया। भजन-कीर्तन चल रहे थे। बच्चे खेल रहे थे। उन पर हमला हो गया। साथ ही मोहल्ले में आग लग गई। बचाव के लिए मॉक ड्रिल की गई।
इसके अलावा शहर में 41 और जगहों पर पर रात 9 बजे से लेकर 9.30 बजे तक ब्लैक आउट किया जाएगा। इनमें प्रमुख चौराहे, सड़कें, मुख्य भवन और जगहें शामिल हैं। डीएम विशाख जी पूरी टीम के साथ खुद हजरतगंज में सड़कों पर उतरकर ब्लैक आउट का मुआयना किया।
तस्वीरों में देखिए मॉक ड्रिल का माहौल…
दिन में मॉक ड्रिल की रिहर्सल की
मॉक ड्रिल से पहले दिन में रिहर्सल की गई। उसमें बमबारी-भगदड़ का सीन क्रिएट किया गया। सिविल डिफेंस टीम को सूचना दी गई कि बमबारी हुई है और भगदड़ मची है। कई लोग घायल हो गए हैं। इस सूचना पर पुलिस जवानों के साथ सिविल डिफेंस के लोग घटनास्थल पर पहुंचते हैं और लोगों को बाहर निकालते हैं। मेडिकल पोस्ट पर लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया जाता है।
इससे पहले मंगलवार को भी पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का रिहर्सल किया गया था। जिसमें सिविल डिफेंस के लोग सायरन बजते ही जमीन पर लेट गए और हाथों से अपने दोनों कान बंद कर लिए था। गोली लगने या हमलों के दौरान क्या किया जाए, इसकी ट्रेनिंग भी आम लोगों को दी गई थी।
भारत के पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के बाद बुधवार को दिनभर शहर में जश्न का माहौल रहा। लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले। आर्मी के लिए जिंदाबाद के नारे लगाए। CM योगी ने आदेश दिया कि सभी विभाग अलर्ट रहें। सोशल मीडिया की निगरानी की जाए।