लखनऊ। जिलाधिकारी विशाख जी0 की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों और उद्यमियों की शिकायतों की समीक्षा की गई।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। अमौसी और नादरगंज औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत केबल शिफ्टिंग एवं डक्ट निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
वहीं सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र की खराब सड़कों और जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम को 15 दिसंबर तक सड़क मरम्मत का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।


