संभल। इल्म-ओ-मआरिफ़त, मज़हबी ख़िदमात और समाजी व शैक्षिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले मरहूम मौलाना सैयद मुनव्वर रज़ा नक़वी की याद में एक मजलिस-ए-तरहीम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उलमा-ए-दीन, ख़तीबों, शोअरा और बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर मरहूम को ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश किया।
मजलिस में विशेष रूप से आयतुल्लाह अल-उज़मा सैय्यद मुंतज़िर मेहदी रिज़वी साहब क़िबला (उस्ताद हौज़ा-ए-इल्मिया, क़ुम, ईरान) ने मजलिस को खिताब किया। वहीं जनाब असद अब्बास ने सोज़ख़्वानी के फ़रायज़ अंजाम दिए।
मौलाना ने कहा कि मिंबर से आम इंसान के ज़िक्र के बजाय मोहम्मद और आले मोहम्मद का ज़िक्र करना इसलिए बेहतर है क्योंकि यही शफ़ाअत का और मोहम्मद व आले मोहम्मद की कुरबत का सबसे अच्छा ज़रिया है। जो (मजलिसें/दुआएं) मरहूमों के लिए की जाती हैं, वे इसी वजह से की जाती हैं कि इस ज़िक्र में सवाब है और यह सवाब उनकी रूह तक पहुँच जाता है।
और यह कि पैगंबर का यह आदेश (हदीस) है कि जो व्यक्ति अमीरुल मोमिनीन हजरत अली अलैहिस्सलाम की एक भी फ़ज़ीलत बयान करे, लिखे या पढ़े, तो अल्लाह ताला उसके सारे गुनाह माफ़ कर देता है। तो यह ज़िक्र निकटता का ज़रिया भी है, और बरकत व तब्लीग का माध्यम भी है, एक वादा भी है और नफ़्स की तरबियत के लिए भी अहले बैत के फ़ज़ायल के ज़रिए रास्ता आसान है।
और हम सब के लिए सबसे बड़ा ज़रिया यह है कि उनके फ़ज़ायल को सुनने, पढ़ने और लिखने से हमारे दिलों में मोहब्बत पैदा होती है। और यही पैगंबर का फ़रमान है: “जो मोहम्मद और आले मोहम्मद की मोहब्बत में मर जाए, वह शहीद की मौत मरता है।” और जो मोहम्मद और आले मोहम्मद की मोहब्बत में मर जाए, उसके सारे गुनाह माफ़ कर दिए जाते हैं।
मजलिस में मौलाना की इल्मी, दीनी और समाजी ख़िदमात को याद करते हुए मौलाना सैय्यद मुंतज़िर मेहदी रिज़वी ने कहा कि मरहूम मौलाना सैयद मुनव्वर रज़ा नक़वी ने अपनी पूरी ज़िंदगी तालीम, तरबियत, तब्लीग़-ए-दीन और मक्तब-ए-अहलेबैत (अ.स.) की ख़िदमत में गुज़ारी। वह एक आलिम, ख़तीब, मुहक़्क़िक़, शिक्षक और समाजी रहनुमा होने के साथ-साथ इल्म व अमल का बेहतरीन नमूना थे। उनकी ख़िदमात को हमेशा याद रखा जाएगा।
मजलिस के माध्यम से मरहूम की इल्मी और दीनी विरासत को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने तथा तालीम, अख़लाक़ और इत्तेहाद को बढ़ावा देने का पैग़ाम दिया गया इस अवसर पर सोगवारान की ओर से मरहूम के लिए दुआ-ए-मग़फ़िरत और बुलंद दर्जात की दुआ की गई।


