लखनऊ। आदि आदेश शुक्ला के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन (तीन विकेट और नाबाद 50 रन) की बदौलत मेजबान लखनऊ यूनिवर्सिटी ने मां शाकुंभरी यूनिवर्सिटी को नौ विकेट से हराकर नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम करीब तीन दशक बाद इस प्रतियोगिता के अंतिम आठ में पहुंची है; इससे पहले टीम 1996 में सिरसा में हुए टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी। मंगलवार को खेले गए अन्य प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एचपी यूनिवर्सिटी, एमडीयू रोहतक और सीजीसी यूनिवर्सिटी ने भी जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
एलयू के परांजपे क्रिकेट मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए मां शाकुंभरी यूनिवर्सिटी 17.1 ओवर में 92 रन पर सिमट गई। शिवम चौधरी (27) और दीपांशु शर्मा (26) ही टिक सके। लखनऊ के लिए आदि आदेश ने मात्र चार रन देकर तीन और शिवम सिंह ने तीन विकेट झटके। जवाब में लखनऊ ने 10 ओवर में एक विकेट पर 93 रन बनाकर मैच जीत लिया। आदि आदेश ने 33 गेंदों पर नाबाद 50 और यशवर्धन सिंह ने नाबाद 20 रन बनाए।
अन्य मुकाबलों में आरएसजी मैदान, अलीगंज पर एचपी यूनिवर्सिटी ने पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला को 10 विकेट से रौंदा। पंजाबी यूनिवर्सिटी ने जसकीरत सिंह (55) और अनंतवीर सिंह (42) की पारियों से 150 रन बनाए। जवाब में एचपी ने ध्रुव सिंह के तूफानी शतक (43 गेंदों पर नाबाद 112 रन) की मदद से 11.5 ओवर में बिना विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया।
तीसरे मैच में एमडीयू रोहतक ने प्रथम एस के हरफनमौला खेल (54 रन और दो विकेट) की बदौलत 168 रन बनाए और सीएसजेएम कानपुर (108 रन) को 60 रन से हराया। वहीं, चौथे मुकाबले में सीजीसी यूनिवर्सिटी ने नमन वर्मा (69 रन, दो विकेट) और शिवम पांचाल (तीन विकेट) के शानदार प्रदर्शन से 173 रन बनाकर कश्मीर यूनिवर्सिटी (117 रन) को 56 रन से शिकस्त दी।


