लखनऊ: अग्रणी एफएमसीजी कंपनी मैरिको लिमिटेड ने गुरुवार को राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी प्रमुख शिक्षा-केंद्रित सीएसआर पहल के नए स्वरूप ‘निहार शांति मज़बूती की पाठशाला’ का अनावरण किया। पूर्व में यह पहल ‘निहार शांति पाठशाला फनवाला’ के नाम से संचालित हो रही थी। नई पहचान के साथ कंपनी ने पहल के मैस्कॉट ‘शांति दीदी’ को भी पेश किया, जो बच्चों, अभिभावकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच सीखने-सिखाने की प्रक्रिया को सहज और रोचक बनाने का काम करेंगी।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के एकीकृत बाल विकास सेवाएँ (आईसीडीएस) के उप निदेशक डॉ. अनुपमा शांडिल्य और ज़फर खान के साथ 140 से अधिक लाभार्थियों व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान ‘निपुण भारत’ के लक्ष्यों के अनुरूप बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट योगदान देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
मैरिको लिमिटेड के चीफ लीगल ऑफिसर एवं ग्रुप काउंसल तथा सीएसआर कमेटी के सचिव अमित भसीन ने कहा कि मज़बूत बुनियादी शिक्षा ही सशक्त भविष्य की नींव है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में बुनियादी कौशल के साथ आत्मविश्वास और जिज्ञासा विकसित करना है।
कंपनी के अनुसार, यह पहल ‘मज़बूत फैसलों से बनता है मज़बूत भविष्य’ के विचार पर आधारित है। अब तक इस कार्यक्रम के माध्यम से 1.26 लाख से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है और करीब 12.69 लाख विद्यार्थियों को लाभ मिला है।


